इस जगह झांकी को दिया केदारनाथ धाम का स्‍वरूप, नंदी बाबा के दर्शन भी हो रहे, देखिए - India2day news

Breaking News

गुरुवार, 29 सितंबर 2022

इस जगह झांकी को दिया केदारनाथ धाम का स्‍वरूप, नंदी बाबा के दर्शन भी हो रहे, देखिए

हमारा इंडिया न्यूज(हर पल हर खबर)भोपाल। इस बार 100 से अधिक स्थानों पर मां अंबे के दरबार सजाए गए हैं। इनमें से कुछ झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। आकर्षक सजावट और सुंदर प्रतिमाएं देखने के लिए सांझ ढलते ही मां अंबे के भक्त उमड़ पड़ते हैं।



इस बार गिदवानी पार्क में स्थापित मां अंबे का दरबार प्रमुख आकर्षण का केंद्र है। यहां मां अंबे की झांकी के रूप में यंग जनरेशन सेवा समिति ने केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति का निर्माण किया है। दूर से देखने पर लगता है केदारनाथ के दर्शन करने आए हैं। मंदिर के बाहर नंदी बाबा भक्तों को दर्शन दे रहे हैं। अंदर प्रवेश करते ही भोलेनाथ के साथ ही मां अंबे की सुंदर प्रतिमा स्थापित की गई है। गोल्डन रंग की प्रतिमा भक्त देखते ही रह जाते हैं। दरबार को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। समिति के अध्यक्ष महेश चांदवानी एवं राजू आडवानी के अनुसार समिति पिछले दो दशक से दुर्गोत्सव मना रही है। कोराना संकट के समय भी समिति ने प्रतीकात्मक झांकी स्थापित की थी।

मां अंबे के साथ खाटू श्याम के दर्शन

न्यू ए वार्ड में शेर हाथी बिल्डिंग के निकट मां युवा समिति ने इस बार मां अंबे के सुंदर दरबार के साथ ही भक्तों को खाटू श्याम के दर्शन कराए हैं। श्याम बाबा के भक्त यहां प्रतिदिन भजन श्रवण करने पहुंचते हैं। आकर्षक सजावट के कारण यह झांकी दूर से भव्य नजर आ रही है। पुराना बी वार्ड में शिवसेना युवा समिति ने मां अंबे का भव्य दरबार सजाया है। प्रति दिन मां अंबे का श्रंगार किया जा रहा है। सिंधु समाज स्कूल के पास ओम युवा समिति की झांकी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। एफ वार्ड, वन ट्री हिल्स टेकरी के पास, सीआरपी एवं आरा मशीन रोड पर भी मां अंबे के सुंदर दरबार सजाए गए हैं। बैरागढ़ कला, ग्राम भौंरी एवं गांधीनगर में नवरात्र पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ad